बिहार

BIHAR:- पटना में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, कई जख्मी 

पटना- 22 जुलाई। राजधानी पटना में बुधवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद लाठी-डंडे चलने और पथराव की घटनाएं हुईं।

झड़प के कारण परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि प्रशासन की ओर से घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग किया। एहतियात के तौर पर कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तथा आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रमुख चौराहों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

भाजपा ने बताया कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास में घुसने के षड़यंत्र करने के विरोध में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय तक शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला। यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था तथा शासन-प्रशासन की निगरानी में निर्धारित मार्ग पर संचालित हो रहा था। किंतु इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से बड़ी संख्या में ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे कई भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। अनेक कार्यकर्ताओं के सिर में चोटें आईं और कई को उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद का अधिकार है, लेकिन हिंसा, पत्थरबाजी और कानून व्यवस्था को चुनौती देना किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं हो सकता।

वहीँ इस घटनाक्रम पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नदीम अख्तर अंसारी ने बताया कि भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में सुनियोजित तरीके से घुसने की कोशिश की। जिसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान हुए झड़प में कई कार्यकर्ताओं को चोट लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मंशा कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ करने की थी। जिसे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विफल कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने नीट-यूजी परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया था। भाजपा उसी के विरोध में बुधवार को देशभर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। हालांकि पटना में यह प्रदर्शन दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प में बदल गया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!