
MADHUBANI: खेसरा 570 की कराई जाएगी मापी, अतिक्रमण पर होगी कार्रवाई : अंचल अधिकारी
मधुबनी-22 जुलाई। जिला मत्स्य विभाग की सैरात सूची में शामिल खेसरा संख्या- 570 सहित निगम क्षेत्र के अतिक्रमित 32 पोखर-जलकरों की जमीन पर अतिक्रमण और निर्माण कार्य किए जाने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। रहिका अंचल अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि खेसरा 570 की मापी कराई जाएगी। मापी के लिए अंचल अमीन को निर्देश दिया गया है। खेसरा 570 की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित कर अतिक्रमण वाद चलाकर मामला का निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों खेसरा 570 पर मिट्टी गिराने का मामला सामने आया था। अंचल अधिकारी ने बताया कि खेसरा 570 के अलावा चकदह गुलटेनी पोखर, गोवा पोखर सहित निगम क्षेत्र के अन्य 32 सरकारी पोखर-जलकरों की सीमांकन कर अतिक्रमण मुक्त कराई जाएगी।
बतादें कि जिला मत्स्य पदाधिकारी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा हाल ही में रहिका अंचलाधिकारी को पत्र के माध्यम से मधुबनी शहरी क्षेत्र में पड़ने वाले सरकारी तालाबों का सीमांकन कर अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया था। निर्देश में बताया गया है कि सहयोग पोर्टल पर मधुबनी के शहरी क्षेत्र में अवस्थित तालाबों के सीमांकन एवं अतिक्रमण मुक्त करने हेतु आवेदन प्राप्त हुआ है। उक्त तालाबों की मापी अत्यावश्यक है। इस संबंध में पूर्व में भी अनुरोध किया गया है। सभी 32 तालाबों का मापी, सीमांकन कर अतिक्रमणकारियों पर वाद दायर कर तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराई जाए। बता दें कि शहर के प्रसिद्ध अधिवक्ता राकेश रंजन झा द्वारा सहयोग पोर्टल पर आवेदन देकर शहरी क्षेत्र के सभी सरकारी तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई थी।



