
MADHUBANI:- महज सात हजार के लेनदेन में चाचा की गला दबाकर हत्या
मृतक की पत्नी के बयान पर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
मधुबनी- 13 जुलाई। कलुआही थाना क्षेत्र के गेनाटोल छतबनिया गांव में महज सात हजार रुपये के लेनदेन को लेकर एक भतीजे ने अपने चाला की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर कलुआही थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 50 वर्षीय विमल राम के रूप में हुई है। उनकी पत्नी फूलो देवी ने कलुआही थाना में दर्ज कराए गए बयान में बताया कि उनकी बेटी की शादी के समय विमल राम ने अपने भतीजे मनीष राम से सात हजार रुपये उधार लिए थे। रविवार की शाम विमल राम अपने घर पर बैठे थे। इसी दौरान मनीष राम वहां पहुंचा और उधार दिए गए रुपये वापस मांगने लगा। फूलो देवी के अनुसार विमल राम ने मनीष से कहा कि फिलहाल उनके पास पैसे नहीं हैं और कुछ दिनों बाद रुपये लौटा देंगे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मनीष राम ने अपने चाचा के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने विमल राम का गला दबा दिया। काफी देर तक गला दबाए रखने से वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में विमल राम को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलुआही ले जाने लगे। परंतू अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मनीष राम घर छोड़कर फरार हो गया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने घटना की सूचना कलुआही थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पायल भारती पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-2 खजौली कामिनी कौशल, इंस्पेक्टर सरवर आलम तथा एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
इधर थानाध्यक्ष पायल भारती ने बताया कि मृतक की पत्नी फूलो देवी के आवेदन पर आरोपी मनीष राम के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।



