
MADHUBANI:- पंडाओं के विरोध से तीसरी बार नहीं हो सका कपिलेश्वर स्थान मंदिर का इन्वेंट्री कार्य
मधुबनी- 09 जुलाई। रहिका प्रखंड के कपिलेश्वर स्थान मंदिर, धर्मशाला, दानपात्र और चल-अचल संपत्तियों का गुरुवार को इन्वेंट्री कार्य मंदिर के कुछ पंडा द्वारा विरोध किया गया। जिससे इन्वेंट्री कार्य नहीं हो सका। इन्वेंट्री कार्य के लिए रहिका प्रखंड विकास पदाधिकारी आशुतोष झा, राजस्व कर्मचारी सहित अन्य कर्मी कपिलेश्वर मंदिर पहुंचे थे। बता दें कि इससे पूर्व 25 मई को भी कपिलेश्वर स्थान मंदिर सहित चल-अचल संपत्तियों का इन्वेंट्री कार्य किया जाना था। लेकिन कुछ पंडाओं ने विरोध किया गया था। इससे पूर्व भी पंडाओं ने इन्वेंट्री कार्य नहीं होने दिया। इस तरह तीसरी बार इन्वेंट्री कार्य का विरोध किया गया है।
पंडाओं ने दानपात्र का ताला खोलने सहित अन्य प्रकिया पूरी नहीं होने दिया। जिससे इन्वेंट्री कार्य नहीं हो सका। बतादें कि इन्वेंट्री कार्य के लिए रहिका प्रखंड कार्यालय द्वारा सूचना जारी किया गया था। इन्वेंट्री की सूचना कपिलेश्वर स्थान मंदिर एवं धर्मशाला न्यास के सचिव सुदर्शन कुमार,कोषाध्यक्ष आचार्य संतोष झा, सदस्य जवा लाल प्रसाद सहित अन्य को दी गई थी। रहिका प्रखंड विकास पदाधिकारी आशुतोष झा ने बताया कि इन्वेंटरी कार्य का लगातार तीसरी बार भी कुछ पंडाओं द्वारा विरोध किया गया है। इसकी सूचना सदर एसडीओ को दी जाएगी। सदर एसडीओ के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



