
CJP ने दिल्ली पुलिस को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम, कहा- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख-पुलिस तय करे
नई दिल्ली- 12 अक्टूबर। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर को रोकने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। पार्टी ने कहा कि अगर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली तो फिर आंदोलन किया जाएगा।
सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास सोमवार को प्रदर्शन की अनुमति मांगने के लिए पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने पहुंचे थे।
राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास ने पत्रकारों से कहा कि पुलिस आमतौर पर सभी से 10 दिन पहले संपर्क करने को कहती है। अब हमने विकल्प उनके सामने रखा है कि वे खुद हमें जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए तारीख और समय बताएं। हम इस पर निर्णय लेने के लिए पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों से कांग्रेस समेत विपक्षी दल और कई छात्र संगठन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच सीजेपी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस के भारी बंदोबस्त के कारण प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर नहीं पहुंच सके थे।



