भारत

तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में जोसेफ विजय ने शपथ ली, कहा-तमिलनाडु में हर घर को 200 यूनिट बिजली मुफ्त

चेन्नई- 10 मई। तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय ने आज तमिलनाडु की बागडोर संभाल ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आज सुबह करीब 10 बजे भव्य समारोह में तमिलनाडु के प्रभारी राज्यपाल राजेन्द्र अर्लेकर ने टीवीके प्रमुख विजय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय ने राज्य के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

विजय के शपथ ग्रहण करते ही पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट और नारों से गूंज उठा। विजय के शपथ लेने के बाद एन. आनंद, आदव अर्जुना, अरुणराज, सेंगोट्टैयन, वेंकटरमणन, निर्मलकुमार, राजमोहन, डी.के. प्रभु और कीर्तना ने मंत्रियों के रूप में शपथ ग्रहण की।

इस समारोह में विजय के परिवार के सदस्य, फिल्म जगत की हस्तियां और गठबंधन दलों के नेता शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उपस्थित रहे। तमिलनाडु की राजनीति में वर्ष 2026 को एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह में तमिल थाई वंदना गीत की बजाय पहले “वंदे मातरम्” और फिर राष्ट्रगान बजाया गया। इसके बाद तमिल थाई वंदना प्रस्तुत की गई।

गौरतलब है कि तमिलनाडु सरकार के कार्यक्रम सामान्यतः तमिल थाई वंदना से शुरू होकर राष्ट्रगान के साथ समाप्त होते हैं, लेकिन इस समारोह में क्रम बदला हुआ दिखाई दिया। इसी के साथ राज्य की दो प्रमुख पार्टियों डीएमके और एआईएडीएमके के लगभग छह दशक से चले आ रहे बारी-बारी के शासन का अंत हो गया है। विजय गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे। इसमें कांग्रेस एक सहयोगी के रूप में शामिल है। शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

ईधर तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय ने आज शपथ ग्रहण करने के बाद तमिलनाडु सचिवालय में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने शपथ ग्रहण के बाद सबसे पहले महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल के गठन और घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी पहली फाइलों पर हस्ताक्षर किए।

जोसेफ विजय ने सबसे पहले राज्य के सभी घरों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा वाली फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल (सिंगप्पेन स्पेशल टास्क फोर्स) के गठन की फाइल पर हस्ताक्षर किए। विजय ने नशा विरोधी अभियान और मादक पदार्थों की रोकथाम से संबंधित फाइलों पर भी हस्ताक्षर किए।

विजय को इससे पहले चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में सुबह लगभग 10 बजे तमिलनाडु के प्रभारी राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं के नारों से स्टेडियम गूंज उठा। उनके पिता और निर्देशक एस. ए. चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा भावुक हो गए।समारोह में उनके परिवार के सदस्य, फिल्म जगत की हस्तियां और गठबंधन दलों के नेता भी शामिल हुए।

इससे पहले आमतौर पर मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नेता सचिवालय जाकर फाइलों पर हस्ताक्षर करते रहे हैं, लेकिन विजय ने शपथ ग्रहण करते ही जनता के सामने फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इसमें वह फाइल भी शामिल है, जिसमें हर दो महीने में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है। विजय अपने भाषण की शुरुात “मेरे दिल में बसने वाले लोगों…” से कहकर की।

उन्होंने कहा, “मुझे भी पता है कि जिंदगी में गरीबी क्या होती है। भूख क्या होती है। यह भी मैं जानता हूं। मैं किसी राजघराने से नहीं आया हूं। मैं आपमें से ही एक हूं। आपके परिवार के एक सदस्य जैसा हूं। मैं खुद को हमेशा ऐसा ही महसूस करता हूं। और आपने भी मुझे उसी तरह अपनाया, तभी आपने मुझे सिनेमा में इतना बड़ा स्थान दिया।

विजय ने कहा, “मैं आप लोगों का ऋण चुकाने के लिए राजनीति में आया। तब आपने मुझसे कहा— ‘आओ विजय… हम संभाल लेंगे।’ आपने मुझे इतना प्यार और अपनापन देकर स्वीकार किया।”

विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं और कांग्रेस, वीसीके व वामदलों के समर्थन से बहुमत का आंकड़ा 118 पार किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता शपथ समारोह में शामिल हुए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सरकार बनाने में समर्थन देने के लिए कांग्रेस, वीसीके और वामदलों को धन्यवाद किया है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने लोगों से अपील की कि उन्हें कामकाज के लिए उचित समय दिया जाए ताकि परिणाम दिखाए जा सकें। उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने और पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही उन्होंने पिछली सरकार पर राज्य पर भारी कर्ज डालने का आरोप लगाया और कहा कि वह जनता से झूठे वादे नहीं करेंगे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button