
MADHUBANI: नगर निगम की पहचान, बाल्टी और डब्बा से जलजमाव पर काबू की चल रही कसरत
मधुबनी- 09 मई। शहर से जलनिकासी को लेकर नगर निगम के पास डिवॉटरिंग मशीन,पंपसेट सहित अन्य कई वाहन और उपकरण होने के बाद भी जलनिकासी के लिए सफाई कर्मियों को बाल्टी और डब्बा से पानी उपछना पड़ रहा है। शनिवार की सुबह वार्ड संख्या-14 और 15 को जोड़ने वाली शहर के तिलक चौक से गोशाला चौक जाने वाली सड़क पर जलजमाव को दूर करने में निगम के आधा दर्जन सफाई कर्मी बाल्टी और डब्बा से पानी हटाते रहे। इस बीच डिवॉटरिंग मशीन, पंपसेट के इस्तेमाल की दावा के बाद भी जलजमाव की समस्या बनी रहती है। यह नगर निगम के दावों पर सवाल उठाती है। निगम क्षेत्र में जलनिकासी के लिए डिवॉटरिंग मशीन और पंपसेट लगाने के बाद भी शहर के निचले इलाकों में हल्की बारिश के बाद भी जलजमाव की स्थिति बन जाती है। जलनिकासी को लेकर लोग नगर निगम की कार्यप्रणाली और सफाई व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
निगम के आदर्श नगर कॉलोनी, विनोदानंद कॉलोनी, तिरहुत कॉलोनी, प्रगतिनगर कॉलोनी सहित अन्य सड़कों पर जलजमाव स्थिति बनी रहती है। बारिश का पानी जमा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। कई जगह नाला बनने के बाद भी जलनिकासी के लिए उचित आउटलेट नहीं बनाया गया है।जिससे समस्या और बढ़ गई है।जलनिकासी की समस्या पूरी तरह से हल नहीं हुई है।



