
MADHUBANI:- बिन बारिश जलजमाव के चपेट में शहर का विनोदानंद झा कॉलोनी, बढा मच्छरों की प्रकोप
मधुबनी-14 मार्च। बिन बारिश शहर के विनोदानंद झा कॉलोनी की सड़क जलजमाव झेल रहा है। कॉलोनी से जुड़े रेलवे की नाला जाम रहने से जलनिकासी अवरूद्ध होने से फिलहाल जलजमाव की समस्या खड़ी हो गई है। इधर, शहर के गंगासागर चौक से महिला कालेज रोड पर एक माह से जलजमाव की समस्या बनी है। वहीं वार्ड 9 के संतुनगर से अनंत वाटिका जाने वाली सड़क पर जलजमाव की शिकायत दूर नहीं हो रही है। इसके अलावा शहर के अन्य जगहों पर जलजमाव हजारों लोगों को परेशान कर रखा है। लगातार जलजमाव के कारण यहां मच्छर का प्रकोप काफी बढ़ गया है। सर्दी, बुखार, चर्म रोग से पीड़ित है। जलनिकासी के लिए कारगर प्रयास नहीं किया गया तो सड़क जामकर प्रदर्शन किया जाएगा। शहर की बजबजाती नालियां जलजमाव की समस्या को बढा दिया है। जाम नाला की सफाई नियमित रूप से नहीं होना निगम की कार्यशैली पर सवाल उठा रहा है। वहीं, लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शहर के कीर्तन भवन रोड पर एक माह से सड़क पर नालाका पानी सफाई कार्य का पोलखोल रहा है। जलजमाव से स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। शहर में कचरा उठाव और गंदगी की साफ-सफाई फिसड्डी साबित हो रहा है।
वहीं, शंकर चौक से बालीवुड डांस स्कूल जाने वाली सड़क पर जलजमाव नासूर बनकर रह गया है। इधर, गदियानी चौक स्थित गंदगी व जलजमाव की समस्या बनी है। विनोदानंद झा कॉलोनी के प्रो. शैलेंद्र कुमार झा ने बताया कि विनोदानंद झा कॉलोनी में जलजमाव को दूर करने के लिए ठोस पहल नहीं की जा रही है। नगर निगम की उदासीनता से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शहर के महिला कालेज निवासी राहुलकुमार ने बताया कि महिला कॉलेज सड़क पर जलजमाव से लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जलजमाव होकर आवाजाही को विवश लोगों में चर्म रोग का खतरा बढ गया है। शहर के संजीव कुमार मिश्र ने बताया कि शहर में ब्लैक स्पॉट की नियमित सफाई नहीं की जा रही है। भौआड़ा पुरानी दुर्गा मंदिर से महज 50 मीटर की दूरी पर ब्लैक स्पॉट से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ गई है। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में नाला की सफाई, कचरा उठाव और जलनिकास में किसी प्रकार की उदासीनता पर समुचित शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।



