
बिहार
मधुबनी में बैंक कर्मी को गोली मार बाईक की लूट
मधुबनी- 12 मार्च। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने देर शाम एक बैंक कर्मी को गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय ओम प्रकाश जो पंजाब नेशनल बैंक की बाबूबरही शाखा में कार्यरत हैं। मिली जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश बैंक का कार्य निपटाकर घर के लिए निकले थे कि रास्ते में बेलवार चौक के पास से बाइक सवार तीन अपराधियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।अपराधियों से बचने के लिए ओम प्रकाश ने अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन आगे जाकर असंतुलित होकर गिर गए। बाईक से गिरने के बाद अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और उनकी बाइक लूटकर फरार हो गए। अपराधियों को शक था कि उनके बैग में कैश है, लेकिन बैग में कोई नकदी नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल ओम प्रकाश को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल मधुबनी में भर्ती कराया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घायल के पैर के फीमर में गोली लगी है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी मनोज कुमार अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली। इधर डीएसपी के निर्देश पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



