
MADHUBANI: शहर के सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल उपलब्ध कराने की पहल अब तक नहीं
मधुबनी- 13 मार्च। बढ़ती गर्मी और भू-जल स्तर में गिरावट से जलसंकट से निजात के लिए शहर के चौक-चौराहा पर आम लोगों के लिए टंकी के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की पहल अब तक शुरु नहीं हो सकी है। जिससे गर्मी के दिनों में आम लोगों, फुटपाथी विक्रेताओं और शहर में आने वाले लोगों के समक्ष पेयजल की समस्या उत्पन्न हो सकती है। बता दें कि पिछले साल निगम द्वारा शहर में आम लोगों के जल की उपलब्धता के लिए जगह-जगह टंकी लगाई गई थी। निगम द्वारा पिछले साल शहर के सुभाष चौक, महाराजगंज पाकड़ी गाछी, गांधी चौक, सूड़ी स्कूल, शंकर चौक, बाटा चौक, थाना चौक, महिला कालेज, गंगासागर चौक, रेलवे स्टेशन चौक, जलधारी चौक, दुर्गा मंदिर, कोतवाली चौक, राघोनगर चौक, ईद मोहम्मद चौक, सिंघानियां चौक पर टंकी लगाई गई थी। टंकी में जलापूर्ति के लिए टैंकर चालक व कर्मी तैनात किए गए थे। बता दें कि भीषण गर्मी के दिनोःमें चापाकलों से पानी नहीं मिलने से सार्वजनिक चापाकल पर निर्भर रहने वाले लोगों को पानी के लिए भारी मशक्कत उठाना पड़ता है। बता दें कि शहरके घरों में 225 से 250 फीट पर गाड़े गए चापाकल से पानी मिलने में परेशानी हो रही है। वहीं, दो-तीन साल पूर्व गाड़े गए सार्वजनिक चापाकलों को पीएचइडी द्वारा ठीक कराकर पानी उपलब्ध कराना आवश्यक हो गया है। शहर के युवा समाजसेवी राजीव राय ने बताया कि शहर के चौक चौराहों पर पेयजल के लिए शीघ्र ही टंकी लगाया जाना चाहिए।



