
मधुबनी न्यायालय में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करेंः निरीक्षी न्यायाधीश
बेनीपट्टी कोर्ट का निरीक्षण आज करेंगी
मधुबनी- 05 दिसंबर। पटना उच्च न्यायालय की निरीक्षी न्यायाधीश गुन्नू अनुपमा चक्रवर्ती शुक्रवार को दो दिवसीय निरीक्षण के क्रममें मधुबनी पहुंचीं। मधुबनी कोर्ट परिसर में उनके आगमन पर मधुबनी पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान परिसर में मौजूद अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने भी उनका अभिनंदन किया।
निरीक्षण के दौरान निरीक्षी न्यायाधीश गुन्नू अनुपमा चक्रवर्ती ने न्यायालय परिसर की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण किया। तथा न्यायिक कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कोर्ट के अलग-अलग कक्षों और प्रशासनिक शाखाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। न्यायिक प्रक्रिया को और सुदृढ़ बनाने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर उन्होंने विशेष जोर देने की बात कही। मौके पर जिला जज अनामिका टी, मधुबनी कोर्ट के अन्य न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष वासुदेव झा, महासचिव शिवनाथ चौधरी सहित अन्य प्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
सभी ने संयुक्त रूप से हाई कोर्ट की निरीक्षी न्यायाधीश को जिला न्यायालय की व्यवस्था और कार्यप्रणाली से अवगत कराया। निरीक्षी न्यायाधीश ने अदालत परिसर की साफ-सफाई,रिकॉर्ड प्रबंधन और न्यायिक सुविधा से जुड़े मामलों पर भी विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने न्यायालय परिसर में आम लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। शनिवार को वे बेनीपट्टी कोर्ट का निरीक्षण करेंगी, जहां वे न्यायिक व्यवस्था और संसाधनों की उपलब्धता का अवलोकन करेंगे।



