
गोली मारने के आरोप में पूर्व पार्षद सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
फिरोजाबाद- 28 जुलाई। थाना दक्षिण के हुमायूपुर में गुरुवार की देर शाम एक युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पूर्व पार्षद सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
हिमायूपुर निवासी मोनू उर्फ नूना को गुरुवार की देर शाम कुछ लोगों ने घर से ले जाकर गोली मार दी थी। गोली लगने से घायल मोनू की हालत नाजुक होने के कारण उपचार हेतु सरकारी ट्रामा सेंटर से आगरा रेफर कर दिया गया। इस मामले में घायल की मां विरमादेवी ने थाने में 03 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनमें पूर्व पार्षद सोनू, रवि व युवराज हैं। विरमा देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसके पुत्र मोनू का आरोपितों से 02 दिन पूर्व किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। आरोप है कि नामजद आरोपित गुरुवार की देर शाम घर आये और वह मोनू को राजीनामा करने की बात कहते हुए घर से ले गये। थोड़ी दूरी पर गद्दे वाली गली में उसे गोली मार दी और फरार हो गये। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।



