
बुर्किना फासो में दो आतंकी हमलों में सेना के आठ जवानों सहित 14 की मौत
औगाडोगू- 23 नवंबर। पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो में आतंकी समूहों ने दो जोरदार हमले किये। इन हमलों में सेना के आठ जवानों सहित 14 लोगों की मौत हो गयी। कई लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो दुनिया के सबसे गरीब देशों में गिना जाता है। बुर्किना फासो की सीमाएं माली, नाइजर, बेनिन, टोगो, घाना और कोट द’ आईवोर से मिलती हैं। यहां सेना का भी वर्चस्व है। असंतुष्ट सैन्य अधिकारियों ने इसी वर्ष यहां दो बार तख्तापलट किये हैं। यह देश वर्ष 2015 से आतंकी हमलों से जूझ रहा है। इस दौरान आतंकी हमलों में यहां हजारों नागरिक और सुरक्षाबल के जवान मारे गए हैं। हालात ये हैं कि देश से 20 लाख से अधिक लोग पलायन कर चुके हैं।
अब एक बार फिर बुर्किना फासो आतंकी हमलों से दहल गया है। लगातार हुए दो हमलों में से पहला हमला सुबह तड़के सफी गांव पर हुआ। यहां हथियारबंद लोगों ने हमला बोला। इस हमले में आठ लोगों की मौत हो गयी। यहां आतंकियों ने आगजनी भी की। दूसरा हमला मारकोय इलाके के पास हुआ। इस हमले में छह लोगों की मौत हो गयी। हमलों में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। मारकोय इलाके में मारे गए एक व्यक्ति के रिश्तेदार ने बताया कि आतंकवादियों ने सलमोसी-मरकोय मार्ग पर तीन लोगों का अपहरण कर लिया। ये तीनों बाद में मृत पाए गए। आतंकवादी कई अन्य लोगों का अपहरण कर अपने वाहन में ले गए हैं।



