
BIHAR:- किशनगंज में हार्डवेयर व्यवसायी के आवास फंदे से लटका मिला महिला का शव
किशनगंज- 13अक्टूबर। बिहार में किशनगंज शहर के शास्त्री मार्ग में एक हार्डवेयर व्यवसायी के आवास पर एक महिला का शव गुरुवार को संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटका मिला।
मृतका 30 वर्षीय झरना सिंघा बंगाल के इस्लामपुर की रहने वाली थी। वह व्यवसायी अनिल अग्रवाल के आवास में होम मेड थी। महिला का शव घर के ऊपरी तल्ले में बाथरूम के पास फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना सदर थाना की पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच में जुट गए। सदर थानाध्यक्ष व महिला थानाध्यक्ष भी मौके पर पहुंची।शव को नीचे उतार कर पुलिस अभिरक्षा में पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
व्यवसायी ने बताया कि वे लोग जब सुबह उठे तो देखा कि महिला झरना का शव फंदे से झूल रहा है। शव देखते ही घर वालों के होश उड़ गयें। कई घंटे बाद पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस के द्वारा मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।
मृतका के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस मृतका महिला के परिजनों का बयान दर्ज कर रही है। मृतका के गले में जख्म के निशान थे। मृतका की बहन ने बताया कि उसे घर के मालिक ने फोन पर किशनगंज आने की सूचना दी। लेकिन घटना के बारे में कुछ भी नहीं बताया।मृतका की बहन ने बताया कि घटना से एक दिन पूर्व ही उसने अपनी बहन झरना से फोन पर बात की थी। फोन पर तो अच्छे से बात हुई थी। उसके बाद ऐसा क्या हुआ कि बहन को आत्महत्या करनी पड़ी।
मृतका की बहन ने घटना को संदिग्ध बताया। एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो पाएगी। घटना को लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। वहीं अगल बगल में उक्त घटना चर्चा का विषय बना हुआ है।


