
पलामू में जैप-8 में फायरिंग के दौरान गोली लगने से IRB का जवान जख्मी
मेदिनीनगर- 03 अक्टूबर। लेस्लीगंज स्थित जैप-8 के परिसर में फायरिंग के दौरान आईआरबी का एक जवान घायल हो गया है। घटना रविवार देर रात की है। घायल जवान का नाम हीरानंद हैं। उन्हें एमएमसीएच में भर्ती करवाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि जैप-8 में आईआरबी में भर्ती हुए जवानों का प्रशिक्षण चल रहा है। इसी क्रम में रविवार की रात नाइट फायरिंग में जवान हीरानंद जख्मी हो गया। हीरानंद के इंसास में गोली फंस गई थी।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले इस तरह की घटना बीते 28 सितंबर को बोकारो जिले में हुई थी, जहां जैप-4 परिसर में आईआरबी के ट्रेनी जवान की गोली लगने से मौत हो गई थी। आनन-फानन में जवान को बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने जवान को मृत घोषित कर दिया था। जवान के सीने में गोली लगने से मौत हुई थी। मृतक जवान का नाम सुशील कुमार निवासी साहिबगंज है।



