क्राइम

दूल्हे ने तोड़ी वरमाला तो दुल्हन ने तोड़ दी शादी, हंगामे के बीच जला पुलिस का वाहन

नरसिंहपुर- 21 मई। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात्रि को ठेमी थाना क्षेत्र के ग्राम बेदू में विवाह समारोह के वर एवं वधु पक्ष के मध्य किसी बात को लेकर हुई टकराहट ने हंगामे का रूप धारण कर लिया। इस दौरान दुल्हन ने दूल्हे व उसके परिजनों पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए मौके से ही जिला स्तरीय कंट्रोल रूप में शिकायत कर दी। इसके बाद नायब तहसीलदार व ठेमी थाना पुलिस ने बेदू पहुंचकर शिकायत के आधार पर कार्रवाई तो की, लेकिन मामला उस वक्त और गंभीर हो गया जब विवाह पंडाल के बाहर खड़े पुलिस के वाहन में ही किसी ने आग लगा दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय नरसिंहपुर के सुभाष वार्ड से महेंद्र पिता तेजीलाल चौधरी 21 वर्ष की बारात 20 मई की रात्रि को बेदू पहुंची थी। जहां जनवासे में वधु पक्ष द्वारा अपेक्षित स्वागत न किए जाने से दूल्हा व उसके परिजन कुपित थे। रात करीब 12-1 बजे लगी बारात करीब 3 बजे विवाह पंडाल पर पहुंची तो द्वारचार में टीके की राशि कम मिलने पर नाराज हुए दूल्हा जयमाला के लिए स्टेज पर पहुंचा तो वहां वह दुल्हन प्रीति पिता सतेंद्र चौधरी से विवाद करने लगा और जयमाला तोड़ दी। जिससे नाराज हुई प्रीति ने मौके से ही घटना की सूचना प्रशासन को दी।

इन पर दर्ज हुआ मामला

सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार व ठेमी थाना का पुलिस बल विवाह स्थल पर पहुंचा तो दोनों पक्षों में जमकर विवाद चल रहा था। दुल्हन प्रीति द्वारा दूल्हे व उसके परिवार वालों पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए शादी करने से इंकार किया गया तो उसकी शिकायत पर पुलिस ने मौके पर ही दूल्हा महेंद्र, उसके पिता तेजीलाल, बहनोई सहित 6 व्यक्तियों के विरूद्ध 3/4 दहेज प्रतिशेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। बताया गया है कि दूल्हे का पिता नरसिंहपुर कोतवाली में सैनिक के रूप में कार्यरत है।

पुलिस से भी की गयी बदतमीजी

बताया गया है कि दूल्हा अपने होश में नही था और विवाह स्थल पर पुलिस व प्रशासन की टीम के पहुंचने के बाद उसके द्वारा अपना पक्ष रखते हुए पुलिस से भी बदतमीजी की गयी थी। इस दौरान दोनों पक्ष आक्रोशित थे। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार की समझाइश के बाद वह शांत हो गये, लेकिन पुलिस जैसे ही विवाह स्थल से बाहर निकली तो उन्हे अपना वाहन क्रमांक एमपी 03 8701 धू-धू कर जलता मिला। ठेमी थाना प्रभारी रामफल गौंड़ ने इस संबंध में बताया कि अब तक यह पता नही चल सका है कि पुलिस के वाहन में आग कैसे लगी।

एसपी ने दिए जांच के आदेश

पुलिस के वाहन में आग लगने की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तीन अधिकारियों की टीम गठित कर जांच के आदेश दिए हैं। जिसमें यह पता किया जाएगा कि विवाद के दौरान आक्रोशित लोगों ने पुलिस की नजर से छिपकर बाहर खड़े थाना मोबाइल वाहन को जलाया है या फिर यह किसी अन्य घटना का परिणाम है।

इनका कहना है

विवाह समारोह में हंगामा होने पर एवं दुल्हन की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान ठेमी थाना के पुलिस वाहन में आग लग गयी थी। जिसकी जांच हेतु एमटी, आरआई व थाना प्रभारी ठेमी की टीम गठित की गयी है। जो भी रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

विपुल श्रीवास्तव, एसपी नरसिंहपुर

जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से हमें सूचना मिली थी कि बेदू में वर पक्ष द्वारा दहेज की मांग की जा रही है। जिसके आधार पर हमने मौके पर पहुंचकर पहले तो हंगामे को शांत कराया, फिर दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद आवश्यक कार्रवाई की गयी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button