
BIHAR:- भारत-नेपाल सीमा पर SSB की कार्रवाई, 49.5 लीटर नेपाली शराब बरामद; 2 गिरफ्तार
मधुुबनी- 19 सितंबर।भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), जयनगर की जी-समवाय, बीओपी सिमरारी ने कार्रवाई करते हुए 49.5 लीटर नेपाली शराब बरामद की है। मौके से दो तस्कर राजेश सदा (35) कटैया, थाना बसोपट्टी व दिनेश सदा (31) छतौनी थाना बसोपट्टी, जिला मधुबनी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को सुबह बीओपी सिमरारी की टीम ने ग्राम महिनाथपुर, थाना बसोपट्टी, जिला मधुबनी में सीमा स्तंभ संख्या 276/4 से लगभग 25 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में विशेष नाका लगाया था। नाका ड्यूटी के दौरान नेपाल की ओर से साइकिल से भारत आ रहे दो व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधि पर रोका गया। तलाशी में उनके कब्जे से ‘दिलवाले सोफी’ ब्रांड की 165 बोतल नेपाली शराब (300 मिली) कुल 49.5 लीटर और 2 साइकिल बरामद हुईं।
पूछताछ में दोनों ने नेपाल से शराब लाकर स्थानीय स्तर पर खुदरा बिक्री करने की बात स्वीकार की है।48वीं वाहिनी के कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी व अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ SSB द्वारा खुफिया सूचनाओं के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।



