
यूक्रेन की याचिका पर आईसीजे के समक्ष सुनवाई में शामिल नहीं हुआ रूस
हेग (नीदरलैंड)- 07 मार्च। संयुक्त राष्ट्र के इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस (आईसीजे) में सोमवार को रूस के खिलाफ सुनवाई हुई। युद्धगस्त यूक्रेन ने रूस के खिलाफ इंटरनेशनल कोर्ट में अर्जी देकर सैन्य आक्रमण फौरन रोके जाने की गुहार लगाई थी। यूक्रेन की याचिका पर आईसीजे के समक्ष सुनवाई में रूस शामिल नहीं हुआ, इसलिए अंतरराष्ट्रीय कोर्ट में मंगलवार को भी सुनवाई होगी।
यूक्रेन ने अदालत से मास्को को अपने हमले को रोकने का आदेश देने का अनुरोध किया था। यूक्रेन की अर्जी पर आज सुबह यहां आईसीजे में सुनवाई शुरू हुई। इंटरनेशनल कोर्ट के ‘पीस पैलेस’ मुख्यालय में ‘ग्रेट हॉल ऑफ जस्टिस’ में यूक्रेन के अनुरोध पर हो रही सुनवाई में रूस का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ और कोर्ट में रूस के लिए आरक्षित सीटें खाली रहीं। कीव के प्रतिनिधि एंटोन कोरीनेविच ने न्यायाधीशों से कहा कि रूस को हमला करने से रोका जाना चाहिए और इसमें अदालत की भूमिका अहम हो सकती है।
इस बीच रूस के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि यूक्रेन से सोमवार को होने वाली तीसरे दौर की वार्ता के लिए रूसी प्रतिनिधिमंडल बेलारूस पहुंच चुका है। इसमें सीज फायर पर चर्चा हो सकती है। इस मसले पर भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन से यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ सीधी बातचीत करने का आग्रह किया है। पुतिन ने सुमी में फंसे भारतीयों सहित सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में सहयोग का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को ही दोनों देशों के राष्ट्रपति से बात की है।
यूक्रेन में छह मानवीय गलियारा (कॉरिडोर) खोले जाएंगे
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि यूक्रेन में छह मानवीय गलियारा (कॉरिडोर) खोले जाएंगे। रूस ने यूक्रेन के तीन एसयू-27 लड़ाकू विमान, एक एसयू-25, दो हेलीकॉप्टर और आठ ड्रोन को मार गिराया है। इसके अलावा रूस समर्थक अलगाववादियों ने मारियुपोल में आक्रमण किया है। शहर के पश्चिमी हिस्से में लड़ाई हुई।
रूस के इस दावे के बीच यूक्रेन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अब तक इस युद्ध में रूस के 11 हजार सैनिक मारे जा चुके हैं। विभिन्न प्रकार के 999 बख्तरबंद वाहन तबाह किए जा चुके हैं। 46 विमान मार गिराए गए हैं। मंत्रालय ने दावा किया है कि यूक्रेन ने रूसी सेना के 290 टैंक भी तबाह कर दिए हैं और तीन जहाज नष्ट किए हैं।
यूक्रेन ने कहा है कि सोमवार को हॉस्टोमेल के विलेज कम्युनिटी चीफ की रूसी सैनिकों ने हत्या कर दी है। यूक्रेन के पार्लियामेंट के मानवाधिकार कमिश्नर ने दावा किया है कि युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 38 बच्चों की मौत हो चुकी है। 71 बच्चे जख्मी हुए हैं। युद्ध की लपटों के बीच यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा और उनके रूसी समकक्ष सर्गी लैवरोव 10 मार्च को तुर्की में मिलने पर सहमत हुए हैं। तुर्की के विदेश मंत्री ने बताया कि यह मुलाकात अंटाल्या प्रांत में होगी।



