
SSB व मधुबनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 200 करोड़ की मालकिन बताई जा रही महिला तस्कर ‘चाची’ दुबही बॉर्डर से गिरफ्तार
एसएसबी और बिहार पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई
मधुबनी, 15 सितंबर। 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर के जी समवाय, जानकीनगर एवं बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सक्रिय एक कुख्यात एवं आदतन महिला तस्कर को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
उक्त कार्रवाई मंगलवार को 48वीं वाहिनी एसएसबी के सहायक कमांडेंट पारस राठी एवं बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या-277/46 से लगभग 10 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में दुबही बाजार के पास जानकीनगर समवाय के कार्यक्षेत्र में कार्रवाई करते हुए हीरा देवी महासेठ उर्फ चाची को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिला की पहचान नेपाल के धनुषा जिला के दुबही बाजार निवासी हीरा देवी महासेठ उर्फ चाची रूप में हुई है।
गिरफ्तार महिला के संबंध में उपलब्ध जानकारी के अनुसार वह आदतन अपराधी एवं लंबे समय से फरार अभियुक्त रही है। उसके विरुद्ध तस्करी से संबंधित कई प्राथमिकी दर्ज हैं तथा वह मादक पदार्थ, जाली भारतीय मुद्रा (FICN), शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी से संबंधित मामलों में संलिप्त रही है।
यह कार्रवाई जी समवाय जानकीनगर, 48वीं वाहिनी द्वारा विकसित स्वयं की आसूचना के आधार पर की गई, जिसके आधार पर संयुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उक्त महिला को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के पश्चात मामले की गंभीरता एवं महिला की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, मधुबनी, NIA पटना, सीमांत मुख्यालय पटना की पूछताछ टीम तथा राज्य NCB की टीम द्वारा थाना बासोपट्टी पहुंचकर गिरफ्तार महिला से पूछताछ की गई। गिरफ्तार महिला को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु थाना बासोपट्टी। जिला मधुबनी को सुपुर्द कर दिया गया है।
ईधर 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर एसएसबी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने बताया कि कुख्यात एवं आदतन महिला तस्कर की गिरफ्तारी 48वीं वाहिनी के लिए एक बड़ी एवं महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि उक्त महिला के विरुद्ध पूर्व से कई गंभीर तस्करी के मामले दर्ज होना तथा लंबे समय से फरार रहना इस कार्रवाई की महत्ता को और बढ़ाता है।
उन्होंने इस सफल कार्रवाई के लिए जी समवाय जानकीनगर की टीम एवं बिहार पुलिस की संयुक्त टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्रवाई सशस्त्र सीमा बल के मजबूत आसूचना तंत्र, सतर्कता तथा संबंधित सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के साथ प्रभावी समन्वय का परिणाम है।
कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय तस्करी नेटवर्क को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। मादक पदार्थ, जाली भारतीय मुद्रा, शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आसूचना आधारित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा सीमा क्षेत्र में कानून-विरोधी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाएगा।
मालूम हो कि हाल ही में एसटीएफ और एसएसबी ने मधुबनी जिला के हरलाखी में 200 रुपये के 173 जाली नोटों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था, जिसका कनेक्शन नेपाल से जुड़ा था। फिलहाल मधुबनी पुलिस ने ‘चाची’ की गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी नहीं की है। गिरफ्तारी की पुष्टि और बरामदगी को लेकर एसपी मधुबनी के बयान का इंतजार है।



