
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पीएम मोदी से मांगा राजनीतिक समर्थन
कीव- 26 फरवरी। रूस के हमले के बाद अमेरिका और नाटो से अपेक्षित सैन्य मदद नहीं मिलने से मोर्चे पर अकेले संघर्ष कर रहे यूक्रेन ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से राजनीतिक समर्थन मांगा है। राष्ट्रपति वलोडमिर ज़ेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातकर राजनीतिक समर्थन मांगा है। उधर, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में वोटिंग से भारत के दूर रहने के फैसले की रूस ने प्रशंसा की है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने एक ट्वीट में कहा कि उन्होंने भारत के प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बात कर देश पर हुए हमले और रूसी आक्रमण को खदेड़ने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 100,000 से अधिक आक्रमणकारी हमारी जमीन पर हैं और उन्होंने हमारे आवासीय भवनों पर अंधाधुंध गोलीबारी की है। साथ ही हमलावर को रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में राजनीतिक समर्थन देने का आग्रह किया है।
दो दिन पहले नई दिल्ली स्थित यूक्रेन के दूत इगोर पोलिखा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को हमला और सैन्य साहसिक कार्य को रोकने के लिए कहने का आग्रह किया था और यह भी बताया था कि संकट के समय भारत के स्टैंड से वे असंतुष्ट थे। उन्होंने कहा कि आप (नरेन्द्र मोदी) दुनिया के सबसे शक्तिशाली और सम्मानित नेताओं में से एक हैं। आप जानते हैं कि रूस के साथ आपका संबंध विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक भागीदारी वाला है।
पोलिखा एक अनुभवी यूक्रेनी राजनयिक जो धाराप्रवाह हिंदी बोलती है, ने कहा कि मुझे नहीं पता कि दुनिया के कितने नेताओं की (रूसी राष्ट्रपति) पुतिन बात सुनते हैं. लेकिन मोदीजी की हैसियत से मुझे उम्मीद है कि उनकी मजबूत आवाज की वजह से पुतिन कम से कम कुछ तो सोचेंगे। हम इस संकट की स्थिति में भारत सरकार के अधिक अनुकूल रवैये की उम्मीद कर रहे हैं।



