
MADHUBANI: 120 वीरों ने रोकी थी हजारों की सेना,रेजांगला के शहीदों को मधुबनी ने किया नमन
मधुबनी – 18 नवंबर। रेजांगला शौर्य दिवस पर समाहरणालय के समक्ष डा. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की ओर से आयोजित इस सभा में लोगों ने मोमबत्ती जलाकर रेजांगला के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए महासभा के जिलाध्यक्ष पवन यादव ने कहा कि रेजांगला की लड़ाई भारतीय सेना के शौर्य, बलिदान और देशभक्ति का प्रतीक है। माइनस तापमान और विषम परिस्थितियों में भी हमारे जवानों ने दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया था। ऐसे वीर शहीदों को हम शत-शत नमन करते हैं।
उन्होंने कहा कि 18 नवंबर 1962 को लद्दाख की बर्फीली चोटी रेजांगला में 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी के 120 वीर अहीर जवानों ने अदम्य साहस का परिचय दिया था। मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में इन जवानों ने चीन की विशाल सेना का डटकर मुकाबला किया।
पवन यादव ने कहा कि उस दिन तापमान माइनस 30 डिग्री से भी नीचे था, चारों तरफ बर्फ ही बर्फ थी, न ठीक से हथियार थे, न गर्म कपड़े, फिर भी हमारे वीरों ने पीछे हटना मंजूर नहीं किया। एक-एक जवान ने आखिरी गोली और आखिरी सांस तक मोर्चा संभाले रखा। इस युद्ध में 114 जवान शहीद हो गए, लेकिन दुश्मन के 1200 से अधिक सैनिकों को मार गिराया।
उन्होंने कहा कि रेजांगला का युद्ध दुनिया के सैन्य इतिहास में ऐसा उदाहरण है, जहां मुट्ठी भर जवानों ने हजारों दुश्मनों को रोक दिया। यही कारण है कि आज भी रेजांगला को शौर्य और बलिदान का तीर्थ कहा जाता है।
पवन यादव ने कहा कि आज के युवाओं को रेजांगला के शहीदों से प्रेरणा लेनी चाहिए। देश के लिए जीना और जरूरत पड़े तो देश के लिए मर मिटना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने कहा कि हमारा समाज हमेशा से देश की रक्षा के लिए आगे रहा है और आगे भी रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। मौके पर राजा यादव, अमन यादव, राहुल यादव, दिनेश यादव, ललिता कुमारी, गोपाल यादव, मिश्रीलाल यादव, विमला देवी, उषा यादव, कृष्णानंद यादव, विशेश्वर यादव, संजय यादव सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।



