
बिहार में विकास नहीं, जाति और भात की राजनीति करते हैं पीएम मोदी: प्रशांत किशोर
दरभंगा-18 नवंबर। जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर के विधायक प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिहार में विकास के बजाय जाति और खाद्यान्न की राजनीति करने का आरोप लगाया है। श्री किशोर बुधवार को दरभंगा जिले के घनश्यामपुर प्रखंड के कोर्थु में आयोजित मैथिल बुद्धिजीवी विचार-संगोष्ठी सह अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मैथिल समाज के बुद्धिजीवियों एवं प्रबुद्ध लोगों से संवाद किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में बुलेट ट्रेन, सौर ऊर्जा और विकास की बात करते हैं, जबकि बिहार आने पर सहरसा से मुंबई तक वंदे भारत ट्रेन चलाने की बात करते हैं, ताकि यहां के श्रमिक परिवारों के बच्चे गुजरात और महाराष्ट्र जा सकें। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या बिहार के बच्चों को दूसरे राज्यों में मजदूरी के लिए भेजना ही विकास है? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री गुजरात में तरक्की की बात करते हैं, जबकि बिहार में उसना चावल की गारंटी देने की बात करते हैं।
श्री किशोर ने कहा कि प्रधानमंत्री काराकाट में कुर्मी, कुशवाहा, तेली और राजपूत समाज को अपना भाई बताते हैं। उनके अनुसार, गुजरात में विकास और बिहार में जाति तथा भात की बात की जाती है, क्योंकि बिहार के लोगों को जाति और पांच किलो अनाज तक सीमित रखने की कोशिश की जा रही है। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में सुधार के लिए लोगों को नेताओं और राजनीतिक दलों की चिंता छोड़कर अपने बच्चों के भविष्य की चिंता करनी होगी। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से वह बिहार के लोगों को यही समझा रहे हैं कि जिस मुद्दे पर लोग मतदान करेंगे, उसी दिशा में काम होगा। लोगों ने राम मंदिर के लिए नरेंद्र मोदी को वोट दिया तो अयोध्या में राम मंदिर बना। इसी तरह नीतीश कुमार को बिजली के मुद्दे पर वोट दिया तो राज्य के घर-घर तक बिजली पहुंची। लेकिन बच्चों की पढ़ाई और रोजगार के मुद्दे पर मतदान नहीं किया गया, इसलिए इन क्षेत्रों में अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ। उन्होंने लोगों से अपने बच्चों की शिक्षा और रोजगार को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बनाने तथा इसी आधार पर मतदान करने की अपील की।



