
DARBHANGA:- महिला हत्या में दोषी को आजीवन कारावास, 51 हजार जुर्माना
दरभंगा, 18 नवंबर। जिले की एक अदालत ने महिला की हत्या के करीब साढ़े चार वर्ष पुराने मामले में एकमात्र अभियुक्त को आजीवन सश्रम कारावास और 51 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार की अदालत ने बुधवार को कमतौल थाना कांड संख्या- 98/22 से संबंधित सत्रवाद संख्या 456/22 में सजा के बिंदु पर सुनवाई के बाद कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा टोला पौनद निवासी अशोक दास को भारतीय दंड विधान की धारा 302 के तहत आजीवन सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 448 के तहत एक वर्ष के कारावास और एक हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने पर अभियुक्त को क्रमशः दो वर्ष और एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अदालत ने सभी सजाएं साथ-साथ चलाने का आदेश दिया है।
अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी कर रहीं अपर लोक अभियोजक रेणु झा ने बताया कि अदालत ने पांच नवंबर को ही अभियुक्त को दोनों धाराओं में दोषी करार देते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
तीन अप्रैल 2022 को भूमि विवाद को लेकर कमतौल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा टोला पौनद निवासी अशोक दास ने गांव के ही हलखोरी दास की पत्नी सुकमारी देवी पर फरसा से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। इलाज के दौरान पटना स्थित पीएमसीएच में उनकी मौत हो गई थी। इस संबंध में मृतका के पुत्र सुरेश दास ने एक मई 2022 को कमतौल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।



