
खरना ही छठ का प्राण, बिना शुद्धता के नहीं मिलता फल: पं. ऋषिनाथ झा
मधुबनी 14 नवंबर। सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा के लिए नहाय-खाय सम्पन्न होने के बाद आज खरना अनुष्ठान किया जाएगा। इसको लेकर व्रतियों के घरों में तैयारी पूरी हो गई है।
खरना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पं. ऋषिनाथ झा ने कहा कि छठ महापर्व में खरना का विशेष स्थान है। खरना ही वह अनुष्ठान है, जिससे 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है।
पं. ऋषिनाथ झा ने कहा कि खरना ही छठ का प्राण है। नहाय-खाय से शरीर की शुद्धि होती है, और खरना से मन की शुद्धि होती है। आज के दिन व्रती दिन भर उपवास रखकर शाम को मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ी से गुड़ की खीर, रोटी और केला का प्रसाद बनाते हैं। पहले छठ मैया को भोग लगता है, फिर व्रती स्वयं प्रसाद ग्रहण करते हैं।
खरना का प्रसाद बहुत पवित्र माना जाता है। इसे ग्रहण करने से मन को शांति मिलती है और व्रत की शक्ति मिलती है। जो व्रती पूरी श्रद्धा, नियम और निष्ठा से खरना करता है, छठ मैया उसकी मनोकामना अवश्य पूरी करती हैं।
उन्होंने व्रतियों को बताया कि खरना के दिन घर में शुद्धता और शांति बनाए रखें। प्रसाद बनाते समय मिट्टी के नए चूल्हे और आम की लकड़ी का ही प्रयोग करें।प्रसाद में गुड़ की खीर, रोटी और केला का ही भोग लगाएं। खरना के बाद से सूर्योदय तक जल भी ग्रहण नहीं करना चाहिए।
पं. ऋषिनाथ झा ने कहा कि छठ केवल व्रत नहीं, बल्कि सूर्यदेव और छठ मैया के प्रति अटूट आस्था, स्वच्छता और अनुशासन का पर्व है। भगवान भास्कर प्रत्यक्ष देव हैं। उनकी पूजा से धन-धान्य, संतान सुख और परिवार की खुशहाली मिलती है। छठ पूजा में स्वच्छता ही सबसे बड़ी पूजा है।खरना को लेकर बाजारों में गुड़, चावल, दूध, केला, नारियल, सूप-कोनिया की खरीदारी जोरों पर रही। वहीं गंगासागर सहित सभी छठ घाटों पर कल के सांध्य अर्घ्य की तैयारी अंतिम चरण में है।



