
बिहार में कानून-व्यवस्था पर तेजस्वी का हमला, पूछा – फरार पुलिस का एनकाउंटर होगा या बचाया जाएगा?
पटना, 03 नवंबर। बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार और गृह विभाग पर बड़ा हमला बोला है। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। यह कोई पहली बार नहीं है जहाँ रक्षक ही भक्षक बने हुए हैं।
तेजस्वी यादव ने हाल की घटना का जिक्र करते हुए कहा जहाँ पुलिस अधिकारी ही दो-दो लड़कियों के साथ बलात्कार की कोशिश कर रहा है और जब घर वाले बचाने के लिए आ रहे हैं तो उसको गोली मार दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले मधुबनी में रोशन यादव की हत्या हुई थी, मुजफ्फरपुर में भी पुलिस वालों ने ही मार दिया था। लेकिन ऐसी घटना पहले नहीं हुई थी।
तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि तबादलों से कमाई सम्राट चौधरी और उनकी सरकार की हो रही है। जो लोग सत्ता में बैठे हैं, जो चंदा पहुंचाता है उसको अच्छा ट्रांसफर पोस्टिंग मिलता है।
उन्होंने कहा कि खास तौर पर मधुबनी और दरभंगा में इतना अपराध बढ़ा हुआ है लेकिन किसी की मजाल नहीं वहां के एसपी का तबादला कोई करा सके, सब लोग चहेते लोग हैं वहां।
तेजस्वी ने सवाल उठाया कि अभी तक वो फरार है पुलिस अधिकारी, फरार है या करा दिया गया है? क्या उसका एनकाउंटर होगा? मुख्यमंत्री तो कहते हैं एनकाउंटर अपराधियों पर होनी चाहिए। लेकिन मुख्यमंत्री कहां है?
कहां मुंह छुपा के बैठे हुए हैं?
उन्होंने मुख्यमंत्री को दस नंबरी मुख्यमंत्री और खुद आपराधिक छवि का मुख्यमंत्री तक कह दिया।
तेजस्वी ने कहा कि खुद आपराधिक छवि का मुख्यमंत्री जब बना हो तो पुलिस से क्या उम्मीद की जा सकती है? पुलिस को भी गुंडा बना दिया। बताइए जिसकी जिम्मेदारी है लोगों की सुरक्षा करना, वो भक्षक बना हुआ है, इज्जत लूट रहा है, गोलियां मार रहा है और मुख्यमंत्री कहां गायब हैं? किसकी होगी जिम्मेदारी?उन्होंने कहा कि लगातार एक नहीं, घटनाओं पर घटनाएं हो रही हैं, कोई कार्रवाई नहीं होती, यहां केवल भ्रष्ट और आपराधिक छवि के लोगों को बढ़ावा दिया जाता है।



