
BIHAR:- मधुबनी सदर अस्पताल में हंगामा, स्वास्थ्य कर्मी-परिजन और महिला गार्ड के बीच हाथापाई
मधुबनी, 23 अक्टूबर। सदर अस्पताल में शुक्रवार को जमकर अफरातफरी मची। स्वास्थ्य कर्मी, उनके परिजन और सुरक्षा गार्ड के बीच हाथापाई हो गई, जिससे काफी देर तक अस्पताल परिसर में हंगामा होता रहा। बाद में दोनों पक्षों ने सिविल सर्जन से मिलकर अपना-अपना पक्ष रखा।

पैर कुचलने से शुरू हुआ विवाद—
गेट पर तैनात महिला गार्ड ने बताया कि वह ड्यूटी पर थी। इसी दौरान अल्ट्रासाउंड केंद्र में कार्यरत स्टाफ नर्स के पति भीड़ में उसका पैर कुचलते हुए आगे बढ़ गए। विरोध करने पर स्टाफ नर्स के पति ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। महिला गार्ड का आरोप है कि बाद में सिविल सर्जन के औचक निरीक्षण के दौरान भी स्टाफ नर्स और उनके परिजन जबरदस्ती सीएस से मिलने की मांग करने लगे और वहां मौजूद पुरुष गार्ड के साथ धक्का-मुक्की की।
स्टाफ नर्स ने लगाया मारपीट का आरोप—
वहीं दूसरी तरफ स्टाफ नर्स सरिता कुमारी ने सिविल सर्जन को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि वह ड्यूटी पर थी। हल्ला सुनकर बाहर निकली तो देखा कि उनके पति के साथ मारपीट हो रही है। बीच-बचाव करने पहुंची तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
मामले को लेकर सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



