
MLC चुनाव ब्रीफिंग से गायब रहे 5 कर्मी, जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मांगा स्पष्टीकरण, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
मधुबनी, 22 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद के दरभंगा शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी बीच ब्रीफिंग से अनुपस्थित रहने वाले पांच कर्मियों पर गाज गिरना तय है। वाट्सन स्कूल में DM आनंद शर्मा और SSP योगेंद्र कुमार की संयुक्त ब्रीफिंग में सभी मतदान दलों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति तलब की गई। इस दौरान 5 कर्मी अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी पांचों से स्पष्टीकरण मांग लिया है। DM ने स्पष्ट कहा है कि निर्वाचन जैसा संवैधानिक कार्य में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई—
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी पदाधिकारी या कर्मी द्वारा निर्वाचन संबंधी कर्तव्यों में लापरवाही या आदेशों की अवहेलना की गई, तो उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
DM का सख्त संदेश—
— सभी अधिकारी-कर्मी अलर्ट मोड में रहें।
— निर्वाचन आयोग के प्रोटोकॉल और SOP का अक्षरशः पालन करें।
— समय पर अपने बूथ पर पहुंचें, आपसी समन्वय और टीम भावना से काम करें।
— विधि-व्यवस्था, बूथ की सुरक्षा और मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
— किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तुरंत वरीय अधिकारी को दें।
DM ने दोहराया कि मतदान की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें शिथिलता या अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया जाएगा।



