
PATNA:- आयकर विभाग कार्यालय में मिले 60 कोरोना पॉजिटिव
पटना- 14 जनवरी। राजधानी पटना में कोरोना संक्रमण सरकारी कार्यालयों में तेजी से फैल रहा है। पटना के आयकर विभाग के कार्यालय में आज 60 लोग कोरोना पॉजिटिव पाये गये है । कार्यालय के 80 लोगों की कोरोना जांच कराई गई थी,जिनमें से 60 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। संक्रमित में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर से लेकर असिस्टेंट और ज्वाइंट कमिश्नर रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं। पॉजिटिव पाये जाने वाले अधिकारियों और कर्मियों को होम आइसोलेशन में रहने का निर्देश दिया गया है। इतनी ज्यादा संख्या में काेरोना पाॅजिटिवों के मिले के बाद कार्यालय को सैनिटाइज कराने की तैयारी भी चल रही है । इसके साथ ही इन 60 लोगों के संपर्क में आए दूसरे लोगों की ट्रेसिंग और टेस्टिंग का काम किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पटना में सबसे ज्यादा 2116 संक्रमित पाए गए हैं जबकि मुजफ्फरपुर में 427 संक्रमितों की पहचान हुई है। बिहार में अब संक्रमण की दर 3.51 फ़ीसदी हो गई है। इसके साथ ही बेगूसराय में 204, नालंदा 215, सहरसा 256, मुजफ्फरपुर 427,भागलपुर 273, दरभंगा 187, मुंगेर 298, सारण 192 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। फिलहाल प्रतिदिन नये संक्रमितों का आंकड़ा सात हजार के पार पहुंच चुका है लेकिन राहत की बात यह है कि बिहार में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव प्रत्यय अमृत ने बताया कि इस समय में बिहार में रिकवरी दर 94.34 है। 99 प्रतिशत मरीज होम आइसोलेशन में हैं।



