
MADHUBANI:- एसएसबी और बिहार STF के संयुक्त कार्रवाई में हथियार के साथ एक गिरफ्तार
मधुबनी- 04 अक्टूबर। बिहार STF एवं 48वीं वाहिनी SSB, समवाय मुख्यालय, कमला को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोरहिया निवासी विजय कुमार सिंह अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए है। प्राप्त सूचना से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए प्राप्त निर्देशानुसार जयनगर थाना पुलिस, SSB एवं बिहार STF की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित संयुक्त टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम कोरहिया में विजय कुमार सिंह के घर की विधिवत घेराबंदी कर तलाशी ली गई।
तलाशी के क्रम में घर के कमरे में स्थित लकड़ी की चौकी की पट्टी में लोहे की कील के सहारे बनाए गए गुप्त स्टैंड से काले रंग की पन्नी में लपेटकर रखे गए 02 अवैध देशी पिस्टल, 24 जिंदा कारतूस एवं 04 पिस्टल मैगजीन बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त कमरे में रखी गोदरेज की अलमारी से 64,100/- रुपये नकद (भारतीय मुद्रा) तथा 03 मोबाइल फोन बरामद किए गए एवं मौके से अभियुक्त विजय कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। बरामद सामान को विधिवत जब्त कर गिरफ्तार अभियुक्त को थाना लाया गया।
पुलिस द्वारा पूछताछ में अभियुक्त द्वारा बताया गया कि ये हथियार खजौली थाना क्षेत्र निवासी राजू कुमार से खरीदे गए थे। इस संबंध में जयनगर थाना कांड संख्या- 515/26, धारा 25 (1-बी) ए/26 आर्म्स एक्ट दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु छापामारी जारी है।



