
DARBHANGA:- जदयू कार्यकर्ता संवाद व शिक्षक संवाद कार्यक्रम आयोजन, मौके पर बोले JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, कहा- NDA प्रत्याशियों की जीत के लिए बूथ स्तर तक मजबूत रणनीति करें
दरभंगा- 04 अक्टूबर। दरभंगा में रविवार को दिल्ली मोड़ स्थित एक होटल में जनता दल यूनाइटेड की ओर से जिलाध्यक्षता सह विधायक राजेश कुमार उर्फ ईश्वर मंडल के अध्यक्षता में कार्यकर्ता संवाद एवं शिक्षक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में आगामी बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में एनडीए समर्थित प्रत्याशियों डॉ. घनश्याम राय एवं सर्वेश कुमार की जीत सुनिश्चित करने को लेकर चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यकर्ता संवाद एवं शिक्षक संवाद कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक रणनीति मजबूत करने और मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।
श्री झा ने कहा कि एनडीए सरकार की उपलब्धियां एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्य पार्टी की बड़ी ताकत हैं। इन उपलब्धियों को शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जरूरत है।
विधायक ईश्वर मंडल ने संजय कुमार झा को परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति संबंधी संसदीय स्थायी समिति का पुनः अध्यक्ष बनाए जाने पर दरभंगा की जनता एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से बधाई दी। उन्होंने कहा कि संजय कुमार झा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में मिथिला के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधान परिषद चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी मजबूती से जुटने का आह्वान किया।
मंत्री मदन सहनी,विधान पार्षद डॉ. भारती मेहता एवं विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर अभियान चलाने तथा सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को मतदाताओं तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रत्याशी डॉ.घनश्याम राय,विधायक सुधांशु शेखर, विधायक सतीश साह, जदयू नेता नजरे आलम सहित जदयू के पदाधिकारी,वरिष्ठ नेता,शिक्षक प्रतिनिधि,प्रबुद्ध मतदाता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।



