
एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए भारत के 128 खिलाड़ियों को मंजूरी, खेल मंत्रालय ने जारी किया सैंक्शन लेटर
नई दिल्ली- 03 अक्टूबर। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने 18 से 24 अक्टूबर 2026 तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले 5वें एशियन पैरा गेम्स के लिए भारतीय दल की भागीदारी को औपचारिक मंजूरी दे दी है। मंत्रालय के निदेशक हरिकुमार एम. द्वारा जारी आदेश संख्या 94-4/2026-Governance-1 के तहत यह मंजूरी दी गई है।
पहले चरण में 8 खेलों के 128 एथलीट मंजूर—
पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) के 13 सितंबर के प्रस्ताव पर सरकार ने 90 पुरुष और 38 महिला समेत कुल 128 एथलीटों को सरकारी खर्च पर भेजने की मंजूरी दी है।
— पैरा एथलेटिक्स – 62 (46 पुरुष, 16 महिला) – सबसे बड़ी संख्या।
— पैरा स्विमिंग – 16
— पैरा शूटिंग – 13 (अवनी लेखरा, मनीष नरवाल सहित)
— पैरा तीरंदाजी – 11 (हरविंदर सिंह, शीतल देवी सहित)
— ब्लाइंड फुटबॉल – 10
— पैरा पावरलिफ्टिंग – 8
— पैरा जूडो – 7
— पैरा साइक्लिंग – 1
खेल मंत्रालय ने साफ किया है कि पैरा-बैडमिंटन, पैरा टेबल टेनिस, बोशिया और टीम ऑफिशियल्स (कोच, सपोर्ट स्टाफ, मेडिकल स्टाफ) के लिए अलग से सैंक्शन लेटर जारी किया जाएगा।
खर्च सरकार उठाएगी—
एंट्री फीस, बोर्डिंग-लॉजिंग, हवाई यात्रा, स्पोर्ट्स किट, आउट ऑफ पॉकेट अलाउंस @ USD 50 प्रतिदिन, एक्स्ट्रा बैगेज, इंश्योरेंस सहित पूरा खर्च भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) NSF सहायता योजना से वहन करेगा। सरकार ने NADA को डोप टेस्ट और सभी खिलाड़ियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया है।



