
बिहार में इंडियन इंक्लूसिव पार्टी का जनसंपर्क अभियान, “हमारा वोट-हमारा अधिकार” से चढ़ा सियासी पारा : शिवनाथ कुमार
मधुबनी- 27 सितंबर। इंडियन इंक्लूसिव पार्टी ने मधुबनी सहित बिहार के विभिन्न जिलों में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाकर सियासी पारा चढ़ा दिया। गांव-गांव पहुंचे पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पंचायत से लेकर सत्ता तक में भागीदारी की अलख जगाई। जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान आगामी पंचायत चुनाव को लेकर “हमारा वोट, हमारा अधिकार” के नारे के साथ लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।
अभियान में शामिल पार्टी के मधुबनी जिलाध्यक्ष शिवनाथ कुमार ने लोगों को पान-तांती समाज के आरक्षण और अधिकारों के लिए चल रहे ऐतिहासिक संघर्ष के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की भूमिका सिर्फ वोट डालने तक सीमित नहीं है। हमें सत्ता में हिस्सेदारी चाहिए और अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करनी होगी। पान-तांती समाज के आरक्षण और सम्मान की यह लड़ाई अंतिम सांस तक जारी रहेगी।
शिवनाथ कुमार ने कहा कि संगठन का लक्ष्य पंचायत स्तर तक पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मतदाता ही बिहार के विकास और सामाजिक न्याय की नई इबारत लिखेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं और ग्रामीणों से इंडियन इंक्लूसिव पार्टी से जुड़कर बिहार के विकास, सामाजिक न्याय, हक-अधिकार की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की।



