
LPG पर सरकार का भ्रम: उपभोक्ता को 210 की सब्सिडी मिलती कहां है? – विजय कुमार
मधुबनी- 27 सितंबर। फुलपरास के पूर्व प्रत्याशी व RJV राष्ट्रीय जन विकास पार्टी बिहार (प्रस्तावित) के संस्थापक विजय कुमार ने केंद्र सरकार के 1 अक्टूबर से LPG पर बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य करने के फैसले पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि सरकार कह रही है कि वेरिफिकेशन नहीं कराने पर 210 रुपये की सब्सिडी बंद हो जाएगी, जबकि हकीकत में आम उपभोक्ता को पिछले कई साल से खाते में सब्सिडी मिल ही नहीं रही है। सरकार इसे अप्रत्यक्ष सब्सिडी बता रही है। मतलब सिलेंडर की असली कीमत ज्यादा है, लेकिन कंपनी घाटा सहकर सस्ता बेच रही है। यह पैसा उपभोक्ता को नहीं, तेल कंपनियों को दिया जाता है। ऐसे में आम आदमी को कैसे पता चलेगा कि उसे 210 का फायदा मिल रहा है?
उन्होंने कहा कि सरकार को पहले ये स्पष्ट करना चाहिए कि सब्सिडी सीधे खाते में आएगी या नहीं। गरीब परिवार पहले ही 1100-1200 रुपये में सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं। अब बायोमेट्रिक के नाम पर नई परेशानी खड़ी की जा रही है। सरकार फर्जी कनेक्शन रोकने की बात कर रही है, लेकिन इसका खामियाजा आम पात्र परिवारों को नहीं भुगतना चाहिए। अगर वेरिफिकेशन नहीं हुआ तो 5 किलो वाला सिलेंडर बाजार रेट पर लेने को कहा जा रहा है, यह गरीब विरोधी फैसला है।



