
MADHUBANI:- गांवों में सड़कों का जाल बिछाकर विकास को दी जा रही रफ्तार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
भोपाल- 27 सितंबर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गांवों में सड़कों का जाल बिछाकर विकास को रफ्तार दी जा रही है। सड़क संपर्क मजबूत होने से आवाजाही सुगम होगी। व्यापार-व्यवसाय व स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। श्री चौहान रविवार को सीहोर जिले के इछावर और भैरूंदा क्षेत्र में विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इछावर के ग्राम बोरदी में उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 36 सड़कों के निर्माण का भूमिपूजन किया। इन सड़कों से 36 गांवों की 41 बसाहटें मुख्य मार्गों से जुड़ेंगी, जिससे 19 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सड़कों का निर्माण एक साल में गुणवत्ता के साथ पूरा हो।
इछावर में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र—
श्री चौहान ने इछावर में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा की। इसके लिए भाऊखेड़ी के पास 50 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। यहां फल, फूल, सब्जी और अनाज पर अनुसंधान कर किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा।.भैरूंदा में उन्होंने कहा कि वे खुद को मंत्री नहीं, जनता का सेवक मानते हैं। उन्होंने भैरूंदा में सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण किया और मामा कोचिंग में छात्रों से संवाद किया।
नशा मुक्त गांव का आह्वान—
श्री चौहान ने ग्रामीणों से गांवों को नशा मुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अवैध शराब कारोबार में लगे लोगों से यह काम छोड़कर वैकल्पिक रोजगार अपनाने की अपील की।
इस वर्ष प्रदेश में 8 लाख पक्के मकान—
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस वर्ष प्रदेश में 8 लाख पक्के मकान बनाए जाएंगे। कोई भी पात्र परिवार वंचित न रहे। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि सड़कें अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गांव सड़क से अछूता न रहे।



