
MADHUBANI:- मधेपुर प्रखंड में कोसी का कहर, दर्जनों गांव जलमग्न, जनजीवन अस्त-व्यस्त
मधुबनी- 27 सितंबर। कोसी नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि से मधेपुर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। प्रखंड के गढ़गांव, गोबरगढ़ा, असुरगढ़, लुचबोनी, मेनाही, परयाही, बकसा, बगेबा, भरगामा, सुनरी, झरवा, जोगिया, बकुआ, टेंगरहा, मिनी और महपतिया सहित दर्जनों गांव पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब गए हैं।

बाढ़ पीड़ित मो. आलम, शाबिद अंसारी, दरोदनी खातून, शिवजी सिंह, लक्ष्मण सादय सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि घरों में 3 से 4 फीट तक पानी घुस गया है, जिससे खाना बनाना बंद हो गया है। सभी प्रभावित गांवों का मुख्य सड़क से संपर्क पूरी तरह टूट गया है और लोग ऊंचे स्थानों व बांध पर शरण लेने को मजबूर हैं।
बाढ़ से सबसे अधिक परेशानी मवेशियों को लेकर हो रही है। चारों ओर पानी भरने से मवेशियों के लिए चारे का भारी संकट उत्पन्न हो गया है। पशुपालक अपने मवेशियों को लेकर परेशान हैं।
इस संबंध में रहिका कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष व राजद नेता ब्रह्मानंद यादव ने कहा कि स्थिति बेहद भयावह है। उन्होंने जिलाधिकारी और बिहार सरकार से मांग की है कि बाढ़ प्रभावित सभी गांवों में तत्काल राहत कार्य शुरू कर प्रभावित लोगों को पका भोजन, राहत सामग्री और मवेशियों के लिए चारा उपलब्ध कराया जाए।



