
पूर्व CM नीतीश कुमार से मिलीं मधुबनी पेंटिंग कलाकार विनीता झा, मखाना-सत्तू से बने BRICS लोगो की कलाकृति की भेंट
मधुबनी- 27 सितंबर। प्रसिद्ध मधुबनी चित्रकला कलाकार विनीता झा, पूजा झा और निशा झा ने रविवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इस दौरान कलाकारों ने उन्हें अपनी कला-साधना से जुड़ी मधुबनी पेंटिंग और विशेष रूप से मखाना और सत्तू से निर्मित ब्रिक्स सम्मेलन के लोगो की कलाकृति सादर भेंट की। नीतीश कुमार ने कलाकृतियों को आत्मीयता और सम्मान के साथ स्वीकार किया और मिथिला की कला-परंपरा की सराहना की।
बिहार संग्रहालय वाली जीवन-चक्र पेंटिंग का किया जिक्र—
मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वयं विनीता झा द्वारा बनाई गई उस विश्व-प्रसिद्ध मधुबनी पेंटिंग का उल्लेख किया, जिसमें मां के गर्भ से जीवन की शुरुआत से लेकर अंत्येष्टि तक के 16 संस्कारों और जीवन-चक्र को दर्शाया गया है। यह दुर्लभ कलाकृति बिहार संग्रहालय में प्रदर्शित है।
नीतीश कुमार द्वारा इस कलाकृति और मिथिला चित्रकला संस्थान के योगदान की चर्चा करने पर सभी कलाकार भाव-विभोर हो उठे।
मिथिला चित्रकला संस्थान आने का निमंत्रण स्वीकार—
इस अवसर पर मिथिला चित्रकला संस्थान की प्रथम आचार्या विनीता झा ने पूर्व मुख्यमंत्री को संस्थान पधारने का सादर निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहजता से स्वीकार कर लिया। कलाकारों ने कहा कि यह सिर्फ भेंट नहीं, बल्कि मिथिला की गौरवशाली कला-संस्कृति के सम्मान का अविस्मरणीय क्षण था।



