
स्वच्छ, सुरक्षित और गड्ढामुक्त होंगे नेशनल हाईवे, देश भर में 02 अक्टूबर से केंद्र सरकार चलाएगी विशेष अभियान 6.0
नई दिल्ली- 29 सितंबर। राष्ट्रीय राजमार्गों को ज्यादा स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए केंद्र सरकार 2 से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान-6.0 चलाएगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों और टोल प्लाजा की सफाई, रखरखाव, गड्ढामुक्त सड़कें, शौचालयों के उन्नयन, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सड़क संकेतकों में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
क्या-क्या होगा?
शहरी क्षेत्रों से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों से कचरा हटाया जाएगा। टोल प्लाजा के शौचालयों का नवीनीकरण और नियमित रखरखाव। टोल प्लाजा पर सफाई, रंग-रोगन, बेहतर रोशनी और सौर ऊर्जा सुविधाओं को बढ़ावा। सड़क संकेतकों में सुधार और रोड मार्किंग की दृश्यता बढ़ाना। राष्ट्रीय राजमार्गों को पूरी तरह गड्ढामुक्त बनाना।
दो चरणों में अभियान—
मंत्रालय ने बताया कि अभियान दो चरणों में संचालित किया जा रहा है। 15 से 30 सितंबर तक तैयारी चरण चल रहा है, जिसमें लक्ष्यों की पहचान, सफाई अभियानों की योजना और अनुपयोगी सामग्री के निस्तारण की तैयारी हो रही है। मुख्य अभियान 2 अक्टूबर से शुरू होगा।
हर क्षेत्र में 50 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग खंड और एक टोल प्लाजा को विशेष सुधार कार्यों के लिए चिन्हित किया गया है। मंत्रालय मुख्यालय के अधिकारियों को इन स्थानों का निरीक्षण और सुधार कार्यों के प्रभाव का आकलन करने की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारी कमियों की पहचान कर उनका भू-चिह्नीकरण (Geo-tagging) करेंगे और लगातार निगरानी करेंगे।
मंत्रालय ने क्षेत्रीय कार्यालयों, कार्यक्रम क्रियान्वयन इकाइयों और परियोजना निदेशकों को विशेष निर्देश दिए हैं। साथ ही लंबित मामलों को कम करने, अभिलेख प्रबंधन को मजबूत करने, ई-कचरे के निस्तारण और कार्यालयी स्थानों के बेहतर उपयोग पर भी फोकस रहेगा।



