
रामायण पर मिथिला पेंटिंग का जलवा: अयोध्या की राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए मधुबनी के 8 छात्रों की कलाकृति चयनित
पटना- 29 सितंबर। संस्कृति मंत्रालय और राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली द्वारा 13 अक्टूबर को अयोध्या में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी ‘राम और रामायण: देश से परदेश तक’ के लिए बिहार के मिथिला चित्रकला संस्थान, सौराठ (मधुबनी) के 8 विद्यार्थियों की कलाकृतियों का चयन हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित कुल 15 व्यक्तिगत कलाकृतियों में से 8 अकेले मिथिला संस्थान की हैं। द्वितीय स्थान: निशा चौरसिया, तृतीय स्थान: दुर्गेश कुमार मंडल, सांत्वना पुरस्कार: शुभम प्रिया, रिया कुमारी, चंदा कुमारी, मुस्कान कुमारी, पूर्णिमा और पिंटू कुमार इसके अलावा संस्थान के त्रि-वर्षीय डिग्री कोर्स (सत्र 2024-27) के 9 छात्र-छात्राओं द्वारा रामचरितमानस विषय पर तैयार की गई विशेष सामूहिक कलाकृति को भी प्रदर्शनी के लिए चुना गया है।
कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव का विषय है। राज्य सरकार प्रतिभाशाली कलाकारों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच दिलाने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। बताया गया कि प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। चयनित कलाकारों को प्रशंसा पत्र, यात्रा भत्ता और मानदेय भी दिया जाएगा।



