
पूरे विश्व में मोदी की लोकप्रियता सबसे ऊपरः नड्डा
नई दिल्ली- 17 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भूटान के सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द द्रूक ग्यालपो’ से सम्मानित किए जाने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पूरे विश्व में मोदी की लोकप्रियता विगत सात वर्षों में सबसे ऊपर रही है।
नड्डा ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं उनकी नीतियों में अटूट विश्वास है। मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र सरकार जब से आई है, तब से देश के सभी लोगों का सरकार पर भरोसा और देश के सही दिशा में आगे बढ़ने का विश्वास काफी बढ़ गया है।
उन्होंने आगे कहा कि सऊदी अरब, बहरीन, अफगानिस्तान, फ़िलिस्तीन, संयुक्त अरब अमीरात, रूस और मालदीव के बाद अब भूटान नरेन्द्र मोदी को अपने सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द द्रूक ग्यालपो’ से सम्मानित करने जा रहे है। यह हम सभी देशवासियों के लिए गौरवान्वित करने वाला पल है।
भूटान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से पहले हमारे प्रधानमंत्री को बहरीन के शीर्ष पुरस्कार किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां, मालदीव के सर्वोच्च सम्मान ‘निशान इज्जुद्दीन’, रूसी संघ के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’, यूएई के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ जायेद, फिलिस्तीन के सर्वोच्च नागरिक अवार्ड ग्रैंड कॉलर सम्मान, अफगानिस्तान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘अमीर अमानुल्लाह खान पुरस्कार’ और सऊदी अरब के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘सैश ऑफ किंग अब्दुल अजीज (स्पेशल क्लास) से सम्मानित किया जा चुका है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी को प्रतिष्ठित कैम्ब्रिज एनर्जी रिसर्च एसोसिएट्स वीक (सेरावीक) के वैश्विक ऊर्जा और पर्यावरण लीडरशीप पुरस्कार, अमेरिका के प्रतिष्ठित ‘लीजन ऑफ मेरिट’ अवॉर्ड, स्वच्छ भारत अभियान के लिए बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन की ओर से ‘ग्लोबल गोलकीपर’ अवार्ड, सियोल शांति पुरस्कार, फिलिप कोटलर प्रेशिडेंशियल अवार्ड और संयुक्त राष्ट्र के सर्वोच्च पर्यावरण संबंधी पुरस्कार ‘यूएनईपी चैम्पियंस ऑफ द अर्थ’ अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है। साथ ही, वैश्विक स्तर पर सर्वे और रिसर्च करने वाली एजेंसियों के साथ-साथ देश में भी सर्वे करने वाली सभी एजेंसियों के सर्वेक्षणों में नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता बाकी सबसे कहीं अधिक और आगे है।



