
निर्वाचन आयोग ने VIP को नाव चुनाव चिह्न आवंटित किया
दिल्ली- 8 दिसंबर। उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को नाव छाप चुनाव चिन्ह आवंटित किया है। अब पार्टी नाव छाप चिन्ह के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ेगी। पार्टी की ओर से चुनाव की तैयारी जोर-शोर से की जा रही है।
वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने यह चुनाव चिन्ह आवंटित करने के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की अपेक्षा के अनुरूप चुनाव चिन्ह दिया गया है। वीआईपी को नाव छाप चुनाव चिन्ह मिले, जिससे हमारे समर्थक प्राचीन काल से ही परिचित हैं। उनकी नाव से खासी पहचान रही है। पार्टी नाव छाप को लेकर ही अपने समर्थकों के बीच जाएगी। इससे ग्रामीण जनता के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं को समन्वय स्थापित करने में काफी सुविधा होगी।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी के पहचान चिन्ह को लेकर कार्यकर्ताओं ने तैयारी भी काफी जोर-शोर से शुरू कर दी है। गांव-गांव में पार्टी चिन्ह के आधार पर झंडा बनाए जा रहे हैं। शहरों में पोस्टर बैनर लगाने की कवायद चल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही यह चुनाव चिन्ह आम जनता के बीच लोकप्रिय हो जाएगा, जो आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को बहुमत दिलाने में सहायक होगा। पार्टी को नाव छाप चुनाव चिन्ह मिलने से पार्टी के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।



