
कांग्रेस ने कंगना रनौत के खिलाफ DCP से की शिकायत,FIR दर्ज करने की मांग
नई दिल्ली-08 दिसंबर। अभिनेत्री कंगना रनौत के नाम के साथ नित नये विवाद जुड़ते जा रहे हैं। तथा ये लिस्ट लगातार लम्बी होती जा रही है। केन्द्र सरकार द्वारा तीन कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के बाद सोशल मीडिया पर विवादित बात शेयर करने को लेकर कंगना रनौत के खिलाफ कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रही है।
इसी बीच इंडियन यूथ कांग्रेस ने नई दिल्ली जिले के डीसीपी को इस मामले में शिकायत देते हुए एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने कंगना रनौत पर राजद्रोह के आरोप में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के एक अधिकारी का कहना है कि फिलहाल शिकायत की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की शिकायत इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अमरीश रंजन पांडे और लीगल सेल के नेशनल कोऑर्डिनेटर अंबुज दीक्षित की तरफ से दी गई है। शिकायत में कहा गया है कि गत 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की बात कही थी, जिसको लेकर पिछले एक साल से किसान धरना दे रहे थे। आरोप है कि इसको लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भारत को एक जिहादी नेशन कहकर संबोधित किया था। उनके इस बयान को सद्भाव बिगाड़ने वाला बताते हुए आईपीसी की धारा-154 (3) के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।



