
कॉल सेंटर से विदेशी लोगों को ठगने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
कोलकाता-8 दिसंबर। महानगर के लेक थाना इलाके में कॉल सेंटर खोल कर विदेशी लोगों से ठगी करने वालों के एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) मुरलीधर शर्मा ने बुधवार दोपहर बयान जारी कर बताया गया है कि मंगलवार और बुधवार की रात सी 521 लेक गार्डेन अलार्म में पुलिस ने छापेमारी कर रमेश राय (29), श्रीकांत दास (24), जस्टिन सौमेन गोम्स (24) और सनम अली (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से राउटर, कॉलिंग मशीन, कंप्यूटर, डाटा एकत्रित करने वाली डिवाइस आदि जब्त की गई हैं।
उन्होंने बताया कि यह आरोपित अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के लोगों को फोन कर उनका कंप्यूटर ठीक करने के बहाने हैक कर लेते थे और इसके बदले वहां के नागरिकों से भारी धनराशि लेते थे। इतना ही नहीं जब कस्टमर पेमेंट करने के लिए गेटवे पर फॉर्म भरता था तो उसके बैंक अकाउंट से सारा डिटेल भी नोट कर लेते थे और समय-समय पर उसके खाते से पैसे उड़ाते रहते थे। इनके खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



