मधुबनी- 11 जून। रविवार शाम राज्यसभा सांसद डॉ फैयाज अहमद के मधुबनी शहर के स्टेडियम रोड स्थित आवास पर ईट पत्थर बरसाए। उपद्रवियों द्वारा अचानक ईंट पत्थर फेंके जाने से अफरा तफरी मच गई। बदमाशों ने मुख्य गेट पर लगे बल्ब व शीशे तोड़ दिए। घर के अंदर जाने की कोशिश की लेकिन वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने अंदर जाने से रोक दिया। सूचना पर नगर थानाध्यक्ष राजा कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के पहुंचने से पूर्व उपद्रवी वहां से निकल चुके थे। पुलिस सांसद के आवास के बाहर कैंप कर रही है। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। लिखित शिकायत मिलने के बाद उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्थिति बिल्कुल सामान्य है। जानकारी के अनुसार मधुबनी नगर निगम के मेयर सहित अन्य पदों के परिणाम की घोषणा होने के बाद यह घटना घटी। हालांकि पत्थर फेंकने वालों में कौन-कौन लोग शामिल थे, उसका क्या मकसद था यह खुलासा नहीं हो सका है।
