
MADHUBANI: जिले के सरकारी स्कूलों में अब बिना आदेश कोई कार्यक्रम नहीं होगा, DEO ने जारी किया सख्त आदेश
मधुबनी- 08 सितंबर। जिले के सरकारी विद्यालयों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी मधुबनी ने बड़ा आदेश जारी किया है। ज्ञापांक 4951 दिनांक 08/09/2026 के द्वारा जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि जिले के अधिकांश विद्यालयों के संबंध में प्राप्त सूचना के अनुसार विद्यालय के पोषक क्षेत्र में अवस्थित ग्रामीणों,मुहल्ला वासियों द्वारा विद्यालय परिसर में किसी विशेष अवसर पर अनेकों कार्यक्रम आयोजित की जाती है, जिससे विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण जैसे कि छात्र-छात्राओं का शिक्षण कार्य एवं खेल-कूद संबंधित गतिविधि प्रभावित होता है।
इसी को देखते हुए आदेश दिया गया है कि जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक,प्रभारी प्रधानाध्यापक बिना किसी विभागीय निर्देश एवं आदेश के विद्यालय परिसर में किसी भी कार्यक्रम का आयोजन करने की अनुमति नहीं देंगे। यदि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता पाई जाती है, तो सीधे प्रधानाध्यापक,प्रभारी प्रधानाध्यापक को दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जायेगी।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी और जिलाधिकारी मधुबनी को भेजी गई है।
गौरतलब है कि कलुआही प्रखंड के एक स्कूल में आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का विडियो वायरल हुआ था। जिसकी खबर “लक्ष्य तक” न्यूज ने जारी किया था।



