पटना- 09 अक्टूबर। बिहार में दो सीटों (मोकामा-गोपालगंज) पर होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा रविवार को कर दी। भाजपा ने गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र से कुसुम देवी को और मोकामा से सोनम देवी को टिकट देने का ऐलान किया है।
जदयू नेता ललन सिंह ने शनिवार को पार्टी को इस्तीफा सौंप दिया था। ललन सिंह पिछले तीन बार बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ मोकामा विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, वे कभी भी जीत नहीं पाए हैं। मोकामा से भाजपा उम्मीदवार सोनम देवी नलिन रंजन शर्मा उर्फ ललन सिंह की पत्नी हैं। ललन सिंह सूरजभान सिंह के भाई हैं।
गोपालगंज विधानसभा से सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी चुनाव लड़ेंगी। कुछ दिन पहले भाजपा विधायक सुभाष सिंह का निधन हो गया था। इसके बाद इस सीट पर उप चुनाव में भाजपा ने सुभाष सिंह की पत्नी कुसुम देवी को उम्मीदवार बनाया है।
उल्लेखनीय है कि मोकामा और गोपालगंज विधानसभा उप चुनाव के लिए सात अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक नामांकन पत्र भरे जाएंगे। 15 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 17 अक्टूबर तक नामांकन वापसी होगी। तीन नवंबर को मतदान और छह नवंबर को मतगणना की तिथि निर्धारित की गयी है। आठ नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
