
दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है भारत: अर्जुन मुंडा
रांची- 28 अगस्त। देश का लोकतांत्रिक इतिहास पूरे विश्व में हमें एक अलग पहचान दिलाता है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। रविवार को ये बातें केंद्र में जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहीं। वे केंद्रीय संचार ब्यूरो,रांची की मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के उद्घाटन कार्यक्रम में बोल रहे थे।
मुंडा ने कहा कि आज जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तब 14 अगस्त को भारतीय इतिहास का सबसे मुश्किल दिन कहा गया। भारत के इतिहास में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस एक दिन में भारत का भूगोल, समाज और संस्कृति सबका बंटवारा हो गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी अलग पहचान और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
इससे पूर्व अर्जुन मुंडा का शॉल, पौधा और स्मृति चिह्न देकर अपर महानिदेशक पीआईबी-सीबीसी रांची ने स्वागत किया। कार्यक्रम में सांसद संजय सेठ ने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है। यहां के शहीदों ने अपने बलिदान से आजादी के रास्ते को प्रशस्त किया। प्रधानमंत्री का धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि पीपल पद्म पुरस्कार देकर पीएम ने इस राज्य के अनजाने लेकिन समाज के लिए बेहतरीन काम करने वाले लोगों जैसे सिमोन उरांव और छूटनी देवी जैसे लोगों को सम्मानित किया है।
विधायक सीपी सिंह ने केंद्रीय संचार ब्यूरो को प्रर्दशनी के लिए धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई की ज्यादा से ज्यादा शहरवासी इसे देखेंगे। खासकर छात्र इस प्रदर्शनी में लगे वीरों की गाथा से सीखेंगे और जीवन में ढालेंगे। कार्यक्रम में रांची विश्वविद्यालय के कुलपति अजीत कुमार सिन्हा ने कहा कि मैं अपने छात्रों को खासकर इतिहास और संबंधित संकायों के, इस प्रदर्शनी को देखने और इसपर अपनी राय बनाने के लिए खास तौर पर प्रेरित करूंगा और उन्हें हर रोज इसे देखने को कहूंगा। इस प्रदर्शनी का समन्वय क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी महविश रहमान और गौरव पुष्कर ने किया।
कार्यालय प्रमुख सीबीसी रांची एवं पीआईबी रांची, शाहिद रहमान और ओंकार नाथ पांडेय का भी आयोजन में महत्त्वपूर्ण योगदान रहा। इस प्रदर्शनी का थीम गरीबों और वंचित लोगों की सेवा, नारी शक्ति, किसान कल्याण, जीवन यापन में आसानी, राष्ट्रीय तथा स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों का आजादी में योगदान, आयुष और योग के जरिए स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था एवं सुधार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और युवा शक्ति से जुड़े प्रमुख योजनाओं पर आधारित सरकारी कार्यों को मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी के जरिए लोगों तक पहुंचाना है। मौके पर पोस्ट ऑफिस, बैंक और एलआईसी के स्टॉल्स द्वारा जनोपयोगी योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गयी।



