
MADHUBANI:- घोघरडीहा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2600 लीटर अंग्रेजी शराब लदा ट्रक जब्त
मधुबनी- 26 अगस्त। घोघरडीहा थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ घोघरडीहा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2600 लीटर अंग्रेजी शराब लदा छह चक्का ट्रक जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक के पास खड़ी एक अपाची बाइक को भी बरामद किया है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।
घोघरडीहा के थानाध्यक्ष संतोष कुमार के निर्देश पर की गयी कार्रवाई का नेतृत्व पीएसआई रणजीत कुमार ने किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एफसीआई गोदाम की ओर जाने वाली सड़क के किनारे एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब की खेप खड़ी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां ट्रक खड़ा मिला, लेकिन चालक मौके से गायब था। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो उसमें 2600 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद शराब लदे ट्रक और मौके पर खड़ी अपाची बाइक को जब्त कर थाना लाया गया।
घोघरडीहा के थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि घोघरडीहा थाना का प्रभार लिया था। शराब की बड़ी खेप के संबंध में गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। चालक के साथ शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।



