
मुंबई में 01 सितंबर से 102 रुपये लीटर मिलेगा दूध, जानें क्यों है इतना महंगा
मुंबई- 28 अगस्त। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आम लोगों को 1 सितंबर से महंगाई का बड़ा झटका लगने वाला है। दूध की कीमतों में सीधे 9 रुपये की बढ़ोतरी होने जा रही है। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई में दूध का होलसेल दाम 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा।यह ऐलान मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने किया है। एसोसिएशन का कहना है कि पशुपालन की लागत बढ़ने के कारण दाम बढ़ाना मजबूरी है।
जानकारों के अनुसार चारा-भूसा और पशु आहार की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, मुंबई में लोकल उत्पादन कम होने से बाहर से दूध मंगाना पड़ता है, जिससे ट्रांसपोर्ट खर्च जुड़ जाता है। मेट्रो शहर होने से मजदूरी और रखरखाव की लागत ज्यादा है। शहर में मांग ज्यादा और सप्लाई कम होने से कीमतों पर दबाव बना रहता है।
मुंबई में दूध 102 रुपये लीटर हो गया है, वहीं देश के अन्य हिस्सों जैसे बिहार, यूपी, एमपी और राजस्थान में दूध की कीमत आज भी 60-65 रुपये प्रति लीटर के आसपास है।



