
नए लुक में नजर आएगा मधुबनी रेलवे स्टेशन, पुनर्विकास कार्य 2027 तक पूरा होने की संभावना
मधुबनी- 21 सितंबर। मधुबनी रेलवे स्टेशन का 20 करोड़ की लागत से पुनर्विकास कार्य तेजी से चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पूरी तरह नए लुक में नजर आएगा। यह कार्य 2027 तक पूरा होने की संभावना है। अब स्टेशन का प्रवेश गेट हनुमान प्रेम मंदिर के सामने होगा, जबकि निकास गेट पुराने स्थान पर ही रहेगा। स्टेशन परिसर से मालगोदाम चौक तक स्टेशन परिसर का विस्तार किया गया है। यहां पार्किंग, शौचालय और जल निकासी के लिए नाला निर्माण किया गया है। यात्रियों को चार पहिया वाहन से स्टेशन तक पहुंचने के लिए पोर्टिको का निर्माण किया गया है। स्टेशन परिसर की ऊंचाई भी बढ़ाई जा रही है।
4.40 फीट चौड़ा फुट ओवर ब्रिज—
स्टेशन पुनर्निर्माण कार्य के प्रोजेक्ट मैनेजर चंदन कुमार ने बताया कि स्टेशन परिसर में पोर्टिको का निर्माण हो गया है। नए भवन पर मधुबनी पेंटिंग्स की झलक होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। टिकट काउंटर के निकट नया 40 फीट चौड़ा FOB बनेगा, जिसमें लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा होगी। चकदह की ओर से आने वाले यात्रियों के लिए पूर्वी तरफ अलग प्रवेश-निकास गेट बनेगा। स्टेशन के नए दो मंजिला भवन पर जगह-जगह मिथिला पेंटिंग की झलक मिलेगी। दक्षिणी छोर पर गेस्ट हाउस का निर्माण भी किया गया है। गौरतलब है कि अगस्त 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्य का शिलान्यास किया गया था।
सर्कुलेटिंग एरिया का यात्री सुविधा का किया जा रही विस्तार—
रेलवे परिसर में नया पार्किंग स्टैंड जल्द चालू होगा। नए जगह पर पार्किंग के लिए पीसीसी ढलाई कार्य चल रहा है। पार्किग एरिया करीब 100 मीटर लंबा एवं 67 मीटर चौड़ा में बनेगा। उसी में 12 मीटर चौड़ा पीसीसी सड़क भी बनेगा। पार्किंग होकर रेलवे परिसर में करीब 70 मीटर पीसीसी सड़क बनेगी। ताकि एक गेट से दूसरे गेट तक वाहनों के प्रवेश और निकासी में सुविधा हो सके। रेलवे परिसर में नाला निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इससे मधुबनी रेलवे स्टेशन बदला हुआ लगेगा। सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, करीब 12 मीटर चौड़ा नये फुट ओवर ब्रिज और दिव्यांगों के लिए यात्री सुविधा का विस्तार किया जाएगा। स्टेशन भवन, प्लेटफार्म, स्टेशन का दोनों गेट, टिकट रूम आदि चकाचक होगा। रेलवे यात्री सुविधा का और विस्तार करेगी। रंग रोगन के साथ लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था होगी।



