
मधुबनी नगर निगम वार्ड 14 में जलजमाव, महीनों से गंदे पानी से गुजरने को मजबूर लोग
मधुबनी, 02 अक्टूबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-14 में माल कचहरी जाने वाली मुख्य सड़क पर जलजमाव ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। इस सड़क पर महीनों से जलजमाव के बीच लोगों की आवाजाही की मजबूरी बनी है। लेकिन इससे निगम के जनप्रतिनिधि और हाकिमों को कोई फर्क नहीं पड़ता।
सड़क पर दूषित और गंदा पानी जमा है। जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से पानी सड़क पर ही सड़ रहा है।
*पीने के पानी के लिए भी इसी गंदगी से गुजरना*
सबसे बड़ी परेशानी यह है कि इसी दूषित पानी से होकर लोगों को पीने का पानी लाने के लिए बाल्टी लेकर जाना पड़ रहा है। बच्चों को इसी पानी में स्कूल जाना पड़ रहा है। जरा सी फिसलन हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों विजय, घनश्याम, राजन कुमार, श्याम मंडल, मनोज राय, सुबोध राय ने बताया कि कई बार नगर निगम में शिकायत की गई, लेकिन आज तक न तो नाला की सफाई हुई और न ही जल निकासी की ठोस व्यवस्था की गई।
गंदे पानी से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। वार्ड वासियों ने नगर आयुक्त से अविलंब जलजमाव से निजात दिलाने और नाला निर्माण की मांग की है।



